एमजीएम में सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त, आज से नए रोस्टर के साथ दिखेगा बड़ा बदलाव
Jamshedpur: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हाल ही में हुई मोबाइल चोरी की घटनाओं के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त करने का फैसला लिया है। रविवार की रात 12 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे के बीच अस्पताल परिसर में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को अस्पताल के नए हॉस्पिटल मैनेजर सोनू कुमार ने होमगार्ड प्रभारी कृष्णा सिंह, पूर्व प्रभारी उत्तम मिश्रा व संतोष कुमार शर्मा तथा अस्पताल के कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्णय लिया गया कि अस्पताल के प्रत्येक तल पर एक से दो होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी। उनकी जिम्मेदारी वार्डों, गलियारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करना होगी। जवानों को एक स्थान पर बैठकर समय बिताने के बजाय पूरे परिसर में सक्रिय रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।पूछताछ केंद्र को लेकर भी नई व्यवस्था लागू की गई है। अब वहां केवल एक होमगार्ड जवान ही तैनात रहेगा, जो मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर व्हीलचेयर की व्यवस्था भी करेगा। निरीक्षण के दौरान पूछताछ केंद्र में कई जवानों के बैठकर बातचीत करने की स्थिति सामने आने पर तत्काल वहां रखी स्टील की कुर्सियां हटवा दी गईं और अतिरिक्त भीड़ समाप्त कर दी गई। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि होमगार्ड जवानों के लंबित वेतन का भुगतान हो चुका है। अब उनसे पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य लेने का निर्णय लिया गया है।
गुरुवार से नए रोस्टर के अनुसार जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में स्पष्ट बदलाव देखने को मिलेगा। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने से चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और मरीजों तथा उनके परिजनों को अधिक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।


