एसएस प्लस टू हाई स्कूल में स्किल कंपीटीशन-कम-स्किल प्रदर्शनी का आयोजन
Patamda : एसएस प्लस टू हाई स्कूल, पटमदा में शुक्रवार को स्किल कंपीटीशन-कम-स्किल प्रदर्शनी 2026 का आयोजन किया गया। इसमें ब्यूटी एंड वेलनेस तथा आईटी/आईटीईएस के विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडल और प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, नवाचार और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। ब्यूटी एंड वेलनेस के विद्यार्थियों ने प्राकृतिक एवं जैविक सौंदर्य उपचार, रचनात्मक मेकओवर, पुरुषों की ग्रूमिंग, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं वेलनेस तथा सैलून प्रबंधन और ग्राहक अनुभव से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं आईटी/आईटीईएस के विद्यार्थियों ने सामाजिक भलाई के लिए ऐप विकास, साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, डेटा विश्लेषण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को मॉडल के जरिए प्रदर्शित किया।
विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट में स्वास्थ्य, स्वच्छता, डिजिटल सुरक्षा, सामाजिक सेवा, कृषि और आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक उपयोग को प्रमुखता से दर्शाया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने कौशल को वास्तविक जीवन की जरूरतों से जोड़ने और नए विचारों को प्रयोग के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिला। स्कूल के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और नवाचार के लिए सक्षम बनाना भी है। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और तकनीकी दक्षता विकसित होती है, जो उन्हें भविष्य की रोजगारपरक चुनौतियों के लिए तैयार करती है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कौशल और तकनीक का सकारात्मक उपयोग आत्मनिर्भर एवं विकसित समाज की मजबूत नींव तैयार करता है। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा—“कौशल से आत्मनिर्भरता, नवाचार से विकास और तकनीक से समाज की भलाई।” कार्यक्रम में वोकेशनल ट्रेनर राजीव महतो एवं रिंकू कुमारी मौजूद थे।



