अभिभावक-शिक्षक बैठक में विद्यार्थियों की प्रगति पर हुआ मंथन
Patamda : +2 आदिवासी हाई स्कूल, बांगुड़दा में शुक्रवार को द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि मुख्य अतिथि चंद्रशेखर टुडू के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में विद्यालय के अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए।
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति और सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों को विद्यालय में संचालित स्मार्ट कक्षा, आईसीटी कक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रायोगिक कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को दी जा रही आधुनिक एवं व्यावहारिक शिक्षा की जानकारी दी गई। परियोजना रेल, सिकुई-दिकुई, खेलकूद सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सहभागिता और प्रगति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम तथा विद्यालय परिसर को तंबाकू मुक्त रखने के लिए जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। अभिभावकों से विद्यार्थियों की शिक्षा एवं अनुशासन पर नियमित ध्यान देने की अपील की गई।
विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के संबंध में बताया गया कि 10 कमरों वाले भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 11 और कमरों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे विद्यार्थियों को बैठाने की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। विद्यालय परिवार ने भवन निर्माण में सहयोग के लिए विधायक, सांसद, समाजसेवियों एवं अन्य सहयोगियों के प्रति आभार जताया।



