विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू सड़क दुर्घटना में घायल, जांघ में लगी गंभीर चोट
Patamda : पटमदा मुख्य सड़क पर मंगलवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना पटमदा थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर सुबह लगभग 8 बजे हुई। दुर्घटना में उनकी जांघ में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंद्रशेखर टुडू बेलटांड़ चौक से लौटने के क्रम में अपने आवास के समीप स्थित दुकान की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें सड़क किनारे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और कुछ देर के लिए बेहोश हो गए।
घटना में बाइक पर सवार पटमदा के बिड़रा गांव निवासी दो युवक भी करीब पांच फीट दूर जाकर गिर पड़े। दोनों युवकों के नाक समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे झामुमो नेता सुभाष कर्मकार तत्काल चंद्रशेखर टुडू को इलाज के लिए जमशेदपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद देर शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद वह घर लौट आए। इधर, दुर्घटना के बाद मौके से चले गए बिड़रा निवासी दोनों युवकों ने पश्चिम बंगाल के किसी अस्पताल में इलाज कराया। बताया गया कि दोनों युवक अपने घर से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की गति काफी तेज थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का कारण बना।



