पटमदा में 600 मीटर पीसीसी पथ निर्माण योजना का सांसद ने किया शिलान्यास
Patamda : पटमदा प्रखंड के सुदूरवर्ती झुंझका गांव में मंगलवार को ग्रामीणों को सड़क सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात मिली। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने जामडीह आरईओ सड़क से फुटबॉल मैदान तक बनने वाले 600 मीटर पीसीसी पथ निर्माण योजना का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। यह सड़क निर्माण कार्य पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत किया गया है। योजना के लिए आरईओ विभाग से स्वीकृति प्राप्त हुई है और शत-प्रतिशत केंद्र सरकार संपोषित है।
शिलान्यास के अवसर पर सांसद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक विकास की किरणें पहुंचे। सड़क बनने से झुंझका गांव के खासकर सबर टोला के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव के विकास को भी गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में सड़क निर्माण को लेकर उत्साह देखा गया। मौके पर जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, मुखिया प्रतिनिधि रूपेण सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णपद सिंह एवं मधुसूदन महतो, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, संदीप कुमार मिश्रा, महावीर महतो, शरत सिंह सरदार, मुचीराम बाउरी, विमल मंडल एवं प्रबोध मंडल समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



