एमजीएम अस्पताल के प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच, शराब की बोतल के साथ मरीज का परिजन पकड़ा गया
Jamshedpur : डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में होमगार्ड जवानों की बदली के बाद अस्पताल परिसर में जांच और साफ-सफाई को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। तीनों शिफ्ट में अस्पताल के प्रवेश द्वार पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान गुटखा, खैनी, गांजा, चिलम समेत अन्य तंबाकू उत्पाद लेकर प्रवेश करने वालों से सामग्री जब्त की जा रही है और उन्हें अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को बी शिफ्ट के इंचार्ज जसबीर सिंह ने एक मरीज के परिजन को शराब की बोतल लेकर अस्पताल में प्रवेश करते हुए पकड़ लिया। नियमों के उल्लंघन पर पुलिस के हवाले कर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई तो संबंधित व्यक्ति ने कार्रवाई नहीं करने की गुहार लगाई। बाद में भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का लिखित आश्वासन देने पर उसे छोड़ दिया गया। इंचार्ज जसबीर सिंह ने बताया कि अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा के निर्देश पर प्रतिदिन जांच के दौरान बड़ी संख्या में तंबाकू उत्पाद जब्त किए जा रहे हैं। अस्पताल परिसर में नशे के सामान के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ लोगों को स्वच्छता और नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।



