धूमधाम से हुई भगवान विश्वकर्मा की पूजा, एमटीसी कंपनी परिसर में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

Patamda: शिल्प और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गुरुवार और शुक्रवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ की गई। बांग्ला पंचांग के अनुसार भादो संक्रांति के अवसर पर अधिकांश स्थानों पर शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। वहीं, क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों, विशेषकर क्रशर, खदान एवं निर्माण से जुड़े संस्थानों में गुरुवार को ही पूजा आयोजित की गई। बनकुंचिया स्थित मां तारा कंस्ट्रक्शन (एमटीसी) कंपनी परिसर में आयोजित विश्वकर्मा पूजा में दोपहर करीब 2 बजे से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूजा-अर्चना के बाद हजारों की संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में समाजसेवी बाबलू महतो, विशाल महतो, रामबहादुर सिंह, मनीष महतो, प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, मुखिया गुरुचरण हेंब्रम, ग्राम प्रधान संघ के जिला महासचिव मृत्युंजय महतो, मनसाराम पावरी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


