विपरीत परिस्थितियों में भाजपा संगठन को खड़ा किया, सम्मान नहीं मिलने से छोड़ी पार्टी : परेश दत्त
(फाइल फोटो)
Patamda : बोड़ाम मंडल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष परेश दत्त ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2009 के बाद आजसू पार्टी के प्रभाव वाले बोड़ाम प्रखंड में जब भाजपा का संगठन बेहद कमजोर स्थिति में था, तब उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पार्टी संगठन को खड़ा करने का काम किया। इसके बाद उन्हें मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली, लेकिन पार्टी के सांसद और अन्य वरीय नेताओं से अपेक्षित सम्मान नहीं मिलने से वे आहत रहे। परेश दत्त ने कहा कि संगठन की लगातार उपेक्षा से क्षुब्ध होकर काफी विचार-विमर्श के बाद उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि झामुमो माटी से जुड़ी पार्टी है और ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलता है। नई पार्टी में शामिल होने के बाद वे राहत महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी की कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्होंने झामुमो का दामन थामा है। साथ ही दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा छोड़कर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में झामुमो में शामिल होंगे। गौरतलब हो कि पिछले शनिवार को बोड़ाम प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित झामुमो के धरना प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान परेश दत्त ने विधायक मंगल कालिंदी के समक्ष झामुमो में शामिल होने की घोषणा की थी। उनके पार्टी छोड़ने से भाजपा को बड़ा झटका लगने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2015 में जिला परिषद सदस्य पद के लिए पंचायत चुनाव लड़ चुके परेश दत्त को करीब 4000 वोट प्राप्त हुए थे और वह तीसरे स्थान पर रहे थे जो क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।




