बांगुड़दा आदिवासी प्लस टू उच्च विद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
विद्यार्थियों व अभिभावकों ने उठाया लाभ
Patamda: पटमदा प्रखंड के +2 आदिवासी उच्च विद्यालय, बांगुड़दा में सोमवार को रोटरी क्लब जमशेदपुर के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों की भी स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सामान्य चिकित्सा, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र, दंत, त्वचा, कान-नाक-गला, हड्डी रोग समेत मधुमेह और रक्तचाप की जांच की। चिकित्सकों ने जांच के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया।
इस अवसर पर जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. आरके पांडा, पटमदा सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सोमेन कुमार दत्ता, विद्यालय के प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ, समाजसेवी विश्वनाथ महतो समेत अन्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर से विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों को भी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिला।




