जंगली हाथी के हमले से युवक घायल, विधायक सविता महतो की पहल पर टीएमएच में भर्ती
चांडिल के बानसा लाकड़ागाढ़ा में धान की फसल बचाने के दौरान हुआ हमला, क्षेत्र में 17 हाथियों का झुंड कर रहा विचरण
Chandil : चांडिल प्रखंड के बानसा लाकड़ागाढ़ा में बुधवार शाम करीब सात बजे जंगली हाथी के हमले में एक युवक संजय महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि क्षेत्र में 17 जंगली हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है। इनमें से चार हाथी खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। अपनी फसल बचाने और हाथियों को भगाने के प्रयास में संजय महतो हाथी की चपेट में आ गए। एक हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना ग्रामीणों और स्थानीय झामुमो नेता पशुपति महतो ने विधायक सविता महतो को दी। विधायक ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करने और घायल को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उनकी पहल पर वन विभाग की मदद से संजय महतो को जमशेदपुर स्थित टीएमएच पहुंचाया गया, जहां विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल संजय महतो का इलाज जारी है। इस दौरान वनरक्षी मुन्ना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद रहे।












