काली पूजा और बांदना पर्व को लेकर बेलटांड़ व काटिन बाजार में उमड़ी भीड़, जमकर हुई खरीदारी
Patamda: काली पूजा एवं पारंपरिक बांदना पर्व को लेकर रविवार को पटमदा के बेलटांड़ और काटिन बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। बेलटांड़ चौक की साप्ताहिक हाट में बत्तख, मुर्गी और बकरों की जमकर खरीदारी हुई। सुबह 7 से 11 बजे तक टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों के कारण करीब आधा किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही।
हाट में पूजा के लिए बत्तख 350 से 1500 रुपये, मुर्गी 250 से 1000 रुपये और लड़ाकू मुर्गे 1500 से 5000 रुपये तक बिके। वहीं बकरों की कीमत 6000 से 12 हजार रुपये तक रही। इसी तरह काटिन चौक बाजार में भी बत्तख, मुर्गी और बकरों की खूब खरीद-बिक्री हुई।
भूला मोड़ की साप्ताहिक हाट के साथ सोमवार को लगने वाली पटमदा बाजार की साप्ताहिक हाट भी रविवार को ही आयोजित की गई। इस दौरान लोगों ने मिट्टी के दीये, बर्तन समेत पूजा-पाठ से जुड़ी अन्य सामग्रियों की जमकर खरीदारी की। बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण कई जगहों पर सड़क जाम की स्थिति बनी रही और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई।












