बिड़रा में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 107 लोगों की हुई जांच
73 लोगों को मिले चश्मे, 18 मरीजों का कराया जाएगा मोतियाबिंद ऑपरेशन
Patamda: पटमदा प्रखंड की बिड़रा पंचायत के उपमुखिया गोपाल गोराई की पहल पर शुक्रवार को बिड़रा हरि मंदिर परिसर में लोकेश्वरानंद आई फाउंडेशन के सौजन्य से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 107 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें 73 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि मोतियाबिंद से पीड़ित 18 मरीजों को ऑपरेशन के लिए शनिवार को अस्पताल ले जाया जाएगा। शिविर का उद्देश्य गरीब, असहाय और बुजुर्ग लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें आंखों से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाना था। इस पहल से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिला।
इस मौके पर उपमुखिया गोपाल गोराई ने कहा कि गरीब और असहाय लोगों की सेवा करना ही सच्ची मानवता है। समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।











