चार लाख मुआवजे और खदान की घेराबंदी पर बनी सहमति, ग्रामीणों ने खत्म किया सड़क जाम
प्रशासन के साथ वार्ता सफल, छठ के बाद खदान की होगी तार से घेराबंदी
कोर्ट के आदेश पर खदान भरने की प्रक्रिया भी शुरू होगी
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह स्थित पत्थर खदान से शुक्रवार को नाबालिग कनकलता का शव बरामद होने के बाद मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों ने शनिवार को प्रशासन के साथ सकारात्मक वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के बाद जाम हटते ही टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया। कमलपुर थाना गेट के पास करीब एक घंटे तक चली वार्ता में आपदा प्रबंधन के तहत मृतका के परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने पर सहमति बनी।
वहीं, कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने अपने स्तर से मृतका के अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा छठ पूजा के बाद खनन विभाग की ओर से लायाडीह स्थित पत्थर खदान की तार से घेराबंदी कराने तथा हाईकोर्ट में लंबित मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार खदान को भरने की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी। इन आश्वासनों के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। वार्ता डीएसपी दयानंद कुमार के निर्देश पर जिला खनन निरीक्षक अभिजीत मजूमदार, अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा, कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता और बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। आंदोलन का नेतृत्व परमेश्वर मुर्मू, सिराज मुर्मू, रवींद्र मुर्मू, उमेश हांसदा, द्विजपद मुर्मू और सोमनाथ मुर्मू आदि ने किया।











