बाल दिवस पर खेलकूद प्रतियोगिताओं की धूम, प्रतिभाशाली विद्यार्थी सम्मानित
Patamda : बाल दिवस पर एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में शनिवार को विभिन्न खेलकूद एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार सहित शिक्षक-कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने नेहरू जी के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। शिक्षक कौशलेंद्र कुमार सिंह ने राष्ट्र निर्माण और आधुनिक भारत के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।विद्यार्थियों के बीच क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी, कैरम, खो-खो, कबड्डी, क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों के बीच टॉफियां भी बांटी गईं।
कार्यक्रम में समाजसेवी वृंदावन महतो और तरुण कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में तुलसी महतो, डाक्टर प्रमाणिक, श्रीमंत प्रमाणिक, राशिद नेसार, आशा कुमारी, रिक्ता मिर्धा, भारती कुमारी, अभिजीत पाल, अनुपम नंदी और अनीता मुर्मू का सराहनीय योगदान रहा।











