मानव सेवा के कार्यों के साथ मना टीम पीएसएफ का 11वां स्थापना दिवस, रक्तदाताओं को किया सम्मानित
Jamshedpur : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) ने रविवार को अपना 11वां स्थापना दिवस मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ मनाया। इस दौरान जरूरतमंदों के बीच भोजन व वस्त्र वितरण, रक्तदाताओं का सम्मान और मरीजों के परिजनों की सेवा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत पार्वती घाट के पीछे स्थित नव जाग्रत मानव समाज कुष्ठ आश्रम के अंत्योदया भवन परिसर में हुई, जहां जरूरतमंदों को भोजन कराया गया। इसके बाद जमशेदपुर ब्लड सेंटर में केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। मौके पर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, चिकित्सक, पदाधिकारी और संस्था के चेयरमैन पुलक कुमार सेनगुप्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर समाचार पत्र-पत्रिका वितरण करने वाले छोटेलाल, कृष्णा कुमार, सुरेश और गणेश के साथ अष्टमी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सभी को एक माह का सूखा राशन (15 सामग्री), साड़ी, धोती, गमछा और टी-शर्ट भी प्रदान किए गए। वहीं, 100 बार रक्तदान करने वाले टीम के आठ रक्तदाताओं कुमारेस हाजरा, रवि शंकर, मनोरंजन गौड़, उत्तम कुमार गोराई, शुभेंदु मुखर्जी, कमल कुमार घोष, अवधेश कुमार वर्मा और अजित कुमार भगत को ‘वीर गौरव मानव सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कैंसर अस्पताल के रेस्ट हाउस में ठहरे मरीजों और उनके परिजनों को नाश्ता कराया गया। इस दौरान संस्था के कई सदस्यों ने जमशेदपुर ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान और एसडीपी रक्तदान भी किया। संस्था ने अपना स्थापना दिवस धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन, रूपी सोरेन और पिछले एक वर्ष में दिवंगत पत्रकारों को समर्पित किया। कार्यक्रम में संजय चौधरी, पुलक कुमार सेनगुप्ता, दीपक कुमार मित्रा, भास्कर कुंडू, बासुदेव दास, किशोर साहू, देवनाथ सिंह, बी शेषागिरी, सरोज कुमार प्रामाणिक, राजेश कुमार पटेल समेत अनेक सदस्य उपस्थित थे। अंत में टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।











