ऐतिहासिक डुलडु डूंगरी बनेगी पर्यटन स्थल, जनवरी में उद्घाटन की तैयारी, जंगली सुअर के संरक्षण में पले दो राजकुमारों से जुड़ी है बराभूम राजवंश की उत्पत्ति की लोकगाथा

विधायक मंगल कालिंदी की पहल पर मुख्यमंत्री ने दी विकास योजना को मंजूरी
Patamda: सदियों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अब नई पहचान मिलने जा रही है। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड के रूपसान गांव की डुलडु डूंगरी, जो बराभूम राजवंश की उत्पत्ति से जुड़ी एक अनोखी लोकगाथा की साक्षी रही है, जल्द ही पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगी। वर्षों से उपेक्षित इस ऐतिहासिक धरोहर के विकास के लिए जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी की पहल पर मुख्यमंत्री ने करीब 14 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी है। वन विभाग की देखरेख में विकास कार्य जारी है। लक्ष्य है कि वर्ष 2027 की अखाईन जात्रा से पहले इसका उद्घाटन कर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाए। आगामी 3 दिसंबर को राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ), सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक मथुरा महतो और विधायक मंगल कालिंदी डुलडु डूंगरी पहुंचकर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। डुलडु डूंगरी की पहचान केवल एक पहाड़ी या जंगल के रूप में नहीं, बल्कि बराभूम क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और भूमिज समुदाय की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी धरोहर के रूप में है। मान्यता है कि इसी जंगल में जंगली सुअर के संरक्षण में पले दो राजकुमारों से बराभूम राजवंश की कहानी शुरू हुई थी। इसी लोकगाथा के कारण यह स्थान ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।
पर्यटन विकास से बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं
डुलडु डूंगरी के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है। करीब 14 करोड़ रुपये की योजना से यहां बुनियादी पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इससे न केवल ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण का रास्ता खुलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। रूपसान गांव के घाटवाल सह पूर्व टीएसी सदस्य विश्वनाथ सिंह सरदार ने बताया कि डुलडु डूंगरी केवल एक पहाड़ी या जंगल नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। विधायक मंगल कालिंदी की पहल पर मुख्यमंत्री से विकास योजना की स्वीकृति मिलने के बाद अब इसे पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में काम हो रहा है। आगामी 3 दिसंबर को पीसीसीएफ, मथुरा महतो और विधायक मंगल कालिंदी स्थल का निरीक्षण करेंगे। प्रयास है कि वर्ष 2027 की अखाईन जात्रा से पहले पर्यटन स्थल का उद्घाटन कर दिया जाए।
मकर संक्रांति के अगले दिन आज भी होती है अखाईन जात्रा
डुलडु डूंगरी में सदियों पुरानी परंपरा आज भी जीवित है। प्रत्येक वर्ष मकर संक्रांति के अगले दिन अखाईन (अखाईन जात्रा) के अवसर पर यहां विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। देवस्थल पर चावल और पान का बीड़ा अर्पित किया जाता है। इस दौरान पारंपरिक ढोल की गूंज उत्सव का मुख्य आकर्षण रहती है। भूमिज समुदाय के गुलगु गोत्र के पारंपरिक पुजारी ‘लाया’ इस पूजा का संचालन करते हैं। इस आयोजन में आसपास के ग्रामीणों की भागीदारी रहती है।
ब्रिटिशकालीन पुस्तकों में भी दर्ज है बराभूम की गाथा
डुलडु डूंगरी और बराभूम राजवंश की उत्पत्ति से जुड़ी इस लोककथा का उल्लेख ब्रिटिशकालीन इतिहासकारों और प्रशासनिक अधिकारियों की पुस्तकों में भी मिलता है। ई.टी. डाल्टन ने 1871-72 में प्रकाशित अपनी पुस्तक ‘डिस्क्रिप्टिव एथनॉलॉजी ऑफ बंगाल’ में इसका विस्तार से वर्णन किया है। वहीं एचएच रिस्ले की पुस्तक ‘ट्राइब्स एंड कास्ट्स ऑफ बंगाल’ तथा ब्रैडली-बर्ट की वर्ष 1925 में प्रकाशित पुस्तक ‘छोटानागपुर’ में भी इस ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख मिलता है।
जंगल में जंगली सुअर के साथ चार पैरों पर चलते मिले थे दो मानव बच्चे
लोकमान्यता के अनुसार, सदियों पहले डुलडु डूंगरी के घने जंगल में एक विशालकाय जंगली सुअर ने दो अनाथ मानव शिशुओं को अपने संरक्षण में ले लिया था। जंगल में रहते हुए दोनों बच्चे भी सुअर की तरह चार पैरों पर चलने लगे थे। एक दिन लकड़ी काटने गए ग्रामीणों ने उन्हें जंगली सुअर के साथ देखा और इसकी सूचना तत्कालीन राजा को दी। बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए राजा ने एक युक्ति अपनाई। जंगल में कोदो से बनी पारंपरिक शराब का घड़ा रखवाया गया। उसकी गंध से आकर्षित होकर सुअर वहां पहुंचा और शराब पीकर गहरी नींद में सो गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसका वध कर दोनों बच्चों को सुरक्षित महल पहुंचा दिया।
तलवार की परीक्षा से हुई राजवंशीय पहचान
महल में राजा की देखरेख में दोनों बच्चों को भाषा, व्यवहार और शास्त्रों की शिक्षा दी गई। बड़े होने पर राजा ने उनकी वास्तविक वंशावली जानने के लिए एक अनोखी परीक्षा ली। महल के मुख्य द्वार पर तेज धार वाली तलवार इस तरह लटकाई गई कि बिना सिर झुकाए वहां से गुजरना संभव नहीं था। दोनों युवकों को तेज गति से घोड़े पर सवार होकर द्वार पार करने का आदेश दिया गया। बड़े राजकुमार ने सिर नहीं झुकाया और तलवार की धार से उसकी मृत्यु हो गई। यह देखकर राजा ने छोटे राजकुमार को रोक लिया। लोककथा के अनुसार, राजा को विश्वास हो गया कि दोनों क्षत्रिय राजवंश के थे और स्वाभिमान के लिए प्राण तक न्योछावर कर सकते थे।
घोड़े की टापों से तय हुई बराभूम एस्टेट की सीमा
इसके बाद राजा ने छोटे राजकुमार को अपने अनुयायियों के साथ घोड़े पर सवार होकर क्षेत्र भ्रमण करने का आदेश दिया। शर्त थी कि एक दिन और एक रात में वह जितनी भूमि तय कर लेगा, वही उसका राज्य होगा। राजकुमार ने विशाल भू-भाग का भ्रमण किया। यही क्षेत्र आगे चलकर बराभूम एस्टेट के नाम से प्रसिद्ध हुआ और बराबाजार इसकी राजधानी बनी। इसी लोकगाथा में जंगली सुअर यानी ‘वराह’ को बराभूम नाम की उत्पत्ति से भी जोड़ा जाता है।











