राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पटमदा के सिदो-कान्हू पाता नाच दल को मिला 1.50 लाख रुपये का पुरस्कार, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
Patamda: झारखंड स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में पटमदा के सिदो-कान्हू पाता नाच दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से दल ने न केवल पटमदा, बल्कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले और झारखंड का नाम रोशन किया है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार की ओर से आयोजित स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के उद्देश्य से 23 नवंबर को सिदगोड़ा टाउन हॉल में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें सिदो-कान्हू पाता नाच दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके आधार पर दल को 27 नवंबर को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिला। यहां भी दल ने अपनी पारंपरिक नृत्य कला का शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दल के मदारिया विजय कुमार टुडू को ट्रॉफी एवं 1.50 लाख रुपये का क्रॉस चेक प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि सिदो-कान्हू पाता नाच दल ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दर्शन पार्क में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी महोत्सव में भी शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी थी। लगातार मिल रही सफलताओं से दल ने जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
इस उपलब्धि में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रियोब्रता, रूपा तिर्की, मास्टर हरिहर टुडू और मदारिया विजय कुमार टुडू सहित सुनील हांसदा, रघुनाथ मुर्मू, शंकर प्रसाद टुडू, रवींद्र नाथ टुडू, परमेश्वर मंडी, प्रेमचांद मंडी, ललित हांसदा, विजय मंडी, रवींद्र हांसदा, मानसा राम टुडू, अजय कुमार टुडू, किशोर टुडू, सुखेन हांसदा, सप्तमी मंडी, मामोनी टुडू, बसंती टुडू, बसंती मुर्मू, नीलमणि मंडी, फूलमनी, करुणा मंडी, सुंदरी टुडू, मालती मुर्मू, गुरुमणि टुडू, रानी टुडू, सूरजमणि एवं पदमनी टुडू का योगदान रहा।











