सड़क जाम के दौरान तत्काल 20 हजार और 4 लाख मुआवजे पर बनी थी सहमति
पिता के बयान पर पुलिस ने दर्ज की थी अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी, जांच में माता-पिता ही निकले हत्या के आरोपी
Patamda: कनकलता मुर्मू की मौत के विरोध में बीते 14 नवंबर को ओड़िया पंचायत के ग्रामीणों ने कमलपुर थाना के समीप मुख्य सड़क को करीब छह घंटे तक जाम रखा था। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने साइकिल तक को पार नहीं होने दिया था। ग्रामीण पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बंद पत्थर खदान की घेराबंदी और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने आंदोलनकारी ग्रामीणों के साथ वार्ता की थी। वार्ता के दौरान तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी, जबकि आपदा प्रबंधन विभाग से चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद मृतका के पिता रवींद्र मुर्मू के बयान पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, पुलिस की जांच में इस हत्याकांड में मृतका के माता-पिता ही आरोपी निकले। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कनकलता हत्याकांड ने वर्ष 2015 में बोड़ाम थाना क्षेत्र के डीबोड़ाम टोला में हुई एक घटना की याद ताजा कर दी है। उस समय भी एक मासूम बच्ची की हत्या के मामले में उसके पिता की भूमिका सामने आई थी। बताया जाता है कि ओझा-गुणी के चक्कर में पिता ने बच्ची की हत्या कर शव छिपा दिया था। घटना के बाद पुलिस पर असहयोग और पीड़ित परिवार के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान एक दारोगा को बांधकर उसकी पिटाई भी की गई थी। घंटों चले बवाल के बाद डीएसपी और ग्रामीण एसपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारी को मुक्त कराया था। मामला राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आया था। हालांकि, बाद में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए और बच्ची की हत्या में उसके पिता की संलिप्तता उजागर हुई। पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के मामले में भी कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था। कमलपुर थाना क्षेत्र में कनकलता हत्याकांड के खुलासे ने एक बार फिर उस पुरानी घटना की याद ताजा कर दी है।











