प्रोजेक्ट कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय माचा में निकाली गई फिट इंडिया साइकिल रैली, दिया स्वस्थ रहने का संदेश

Patamda: फिट इंडिया अभियान के तहत शनिवार को पटमदा प्रखंड के प्रोजेक्ट कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय, माचा में माय भारत जमशेदपुर की ओर से फिट इंडिया साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर माचा गांव तक गई और पुनः विद्यालय परिसर लौटकर संपन्न हुई। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, बीडीओ सह सीओ राजेंद्र प्रसाद दास, उपमुखिया गोपाल गोराई, एएसआई प्रशांत कुमार एवं हेरमन लांग ने भी साइकिल चलाकर ग्रामीणों को स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को अपने शरीर को फिट रखने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके लिए प्रतिदिन योग व व्यायाम करने के साथ-साथ खानपान पर भी ध्यान देना जरूरी है। वहीं, बीडीओ राजेंद्र प्रसाद दास ने कहा कि विद्यार्थी अपने शरीर को फिट रखेंगे, तभी परीक्षा में हिट हो पाएंगे और बेहतर प्रदर्शन कर टॉपर बन सकेंगे। इसलिए सभी विद्यार्थियों को अपनी सेहत के लिए प्रतिदिन कुछ समय जरूर निकालना चाहिए।
साइकिल रैली के बाद विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान साफ-सफाई कर विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. प्रियंका झा, शिक्षिका आलोका कुमारी, पूनम सिंह, शिक्षक धनंजय कुमार, अरविंद कुमार, माय भारत के डी. कृष्णा राव, वॉलंटियर राजेश दास, नीलकमल महतो, अनिल मुर्मू, अनुराग कुमार और गोपेन महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।











