उचित सम्मान के लिए मजबूत कमेटी बनाएं कार्यकर्ता : बाघराय मार्डी
पटमदा में झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते बाघराय मार्डी।
पटमदा प्रखंड में झामुमो का पंचायत कमेटी पुनर्गठन कार्यक्रम 1 से 9 मार्च तक
Patamda: झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक मंडली के मुख्य संयोजक बाघराय मार्डी ने पटमदा के ग्राम प्रधान संघ भवन में गुरुवार को प्रखंड संयोजक मंडली के साथ बैठक की। उन्होंने मुख्य संयोजक अश्विनी महतो समेत अन्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर मजबूत कमेटी का गठन करने के लिए तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने 1 से 9 मार्च के बीच सभी 15 पंचायतों में कमेटी का पुनर्गठन करने, प्रखंड स्तर पर 100 सक्रिय सदस्य एवं 10 हजार प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया।
बाघराय ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उचित मान-सम्मान के लिए मजबूत कमेटी बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगले 2 माह के अंदर जिला कमेटी का पुनर्गठन होने के पश्चात सत्ता व संगठन में तालमेल देखने को मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि अगर कहीं भी झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ कोई भी अधिकारी गलत या अन्याय करेंगे तो पार्टी संगठन मजबूती से खड़ा होगा।
बैठक को झामुमो नेता सुनील महतो, चंद्रावती महतो, विद्यासागर दास, सुभाष कर्मकार, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, अश्विनी महतो व समीर महतो ने भी संबोधित किया। मौके पर जामिनी प्रमाणिक, बाबलू रूहिदास, जितुलाल मुर्मू, सिजेन हेंब्रम, अश्विनी दास, सुधीर हांसदा, संजय सिंह, तिलोत्तमा कालिंदी, सत्यवती सिंह, कुनामी मुर्मू, सुजीत महतो, माणिक महतो, राजू कर्मकार, हरेकृष्ण महतो व मंटू महतो आदि मौजूद थे।