राजकुमार सिंह ने बागबेड़ा व कीताडीह से की ग्रीष्मकालीन जलसेवा की शुरुआत

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने शुक्रवार को बागबेड़ा नया बस्ती और कीताडीह दादी बागान से ग्रीष्मकालीन जलसेवा की शुरुआत की। इस संबंध में राजकुमार सिंह ने बताया कि वह वर्ष भर अपने टैंकरों के माध्यम से जुस्को से 90 रुपये प्रति किलोलीटर की दर से जल क्रय कर गैर-कंपनी इलाकों में जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के तीन महीनों के दौरान जिला प्रशासन एवं टीएसयूआईएसएल (जुस्को) द्वारा जलसेवा हेतु निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया जाता है, जिसके लिए वह आभारी हैं। इस वर्ष ग्रीष्मकालीन जलसेवा की शुरुआत कीताडीह दादी बागान और बागबेड़ा नया बस्ती से की गयी है। शनिवार से आगामी तीन महीनों तक उनके चार टैंकर लगातार विभिन्न मोहल्लों में जलापूर्ति करेंगे, जबकि पांचवां टैंकर सामाजिक कार्यों जैसे शादी-विवाह आदि में सेवा हेतु आरक्षित रहेगा। आज सरजामदा निदिरटोला में शादी समारोह के लिए टैंकर भेजा गया।


