बेलटांड़ में इलेक्ट्रिक दुकान का शटर तोड़कर नगद समेत 2 लाख की चोरी, क्षेत्र में सनसनी
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के बेलटांड़ चौक स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर नगद समेत करीब दो लाख रुपए मूल्य के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
मामले को लेकर दुआरीडीह निवासी एवं दुकान संचालक शेख आसिफ ने बुधवार को पटमदा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि वह बेलटांड़ स्थित बिकल सिंह के मकान में किराये पर इलेक्ट्रिक दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार रात करीब 8 बजे प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब वह दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि दुकान से 45 कॉयल बिजली तार, तीन मिक्सर मशीन, एक इंडक्शन चूल्हा तथा दराज में रखे पांच हजार रुपये नकद गायब हैं। पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरी हुए सामानों की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपए है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्राम प्रधान बृंदावन दास समेत स्थानीय लोगों ने पीड़ित दुकानदार से घटना की जानकारी ली और जल्द खुलासे की मांग की।
इधर, चोरी की इस घटना से बेलटांड़ चौक के व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।



