18.49 लाख की बकाया राशि पर गेंगाड़ा में 27 सामान कुर्क
Patamda : बैंक ऑफ इंडिया, काटिन शाखा की बकाया राशि की वसूली के लिए कमलपुर थाना क्षेत्र के गेंगाड़ा गांव में प्रमाणपत्र ऋणी निर्मल कुमार महतो के घर की चल संपत्ति कुर्क की गई। जिला प्रमाणपत्र पदाधिकारी एमडी मोजाहिद अंसारी की अदालत द्वारा जारी कुर्की वारंट के आधार पर कमलपुर पुलिस ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार प्रमाणपत्र केस संख्या 11/बीएल/2025-26 में निर्मल कुमार महतो, पिता रामनाथ महतो, निवासी गेंगाड़ा, थाना कमलपुर, प्रखंड पटमदा के विरुद्ध कुल 18,49,835 रुपये की बकाया राशि दर्ज है। निर्धारित राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर अदालत ने चल संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था।
वारंट के अनुपालन में पुलिस ने ऋणी के घर से कुल 27 चल सामानों को कुर्क किया। कुर्क की गई संपत्ति को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। आदेश के अनुसार बकाया राशि और कुर्की की लागत का भुगतान होने तक कुर्क संपत्ति कब्जे में रखने तथा कार्रवाई की रिपोर्ट प्रमाणपत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।



