पटमदा में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 3 इकाई जोड़ा बैल वितरित
Patamda: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना 2025-26 के तहत शनिवार को पटमदा प्रखंड मुख्यालय परिसर में 90 प्रतिशत अनुदान पर 3 इकाई जोड़ा बैल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने लाभुकों के बीच बैलों का वितरण किया। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, सीओ सह बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विश्वास, पशुपालन विभाग के कर्मचारी शरत माहली, झामुमो पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, ईशान चंद्र गोप एवं जीतूलाल मुर्मू समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
योजना के तहत बनकुंचिया पंचायत के इंदाटांड़ा गांव निवासी मधुसूदन महतो, शंभू महतो तथा गोलकाटा निवासी सुरेश कुंभकार को लाभ दिया गया। प्रत्येक लाभुक को लगभग 40 हजार रुपये मूल्य के जोड़ा बैल पर 36 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य को बढ़ावा देना है।




