पटमदा के 37 पीडीएस डीलरों को अब तक नहीं मिला अनाज, डीसी से की हस्तक्षेप की मांग
Patamda: पटमदा प्रखंड के 37 जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों को चालू माह का सरकारी खाद्यान्न अब तक उपलब्ध नहीं कराए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर पटमदा – 02 के जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि माह समाप्त होने वाला है, लेकिन एजीएम की ओर से अब तक डीलरों को वितरण के लिए खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसके कारण सभी डीलर असमंजस की स्थिति में हैं और ग्रामीण लाभार्थियों के बीच राशन वितरण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि समय पर अनाज नहीं मिलने से हजारों गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है और खाद्यान्न वितरण में लगातार हो रही देरी से जन वितरण प्रणाली की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जिला परिषद सदस्य ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल पटमदा प्रखंड के सभी 37 पीडीएस डीलरों को सरकारी खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जाए, ताकि लाभुकों को समय पर राशन मिल सके और किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाया जा सके।


