आजसू कार्यकर्ता छुटुलाल महतो के निधन से पटमदा में शोक की लहर
Patamda: पटमदा प्रखंड के बिड़रा गांव निवासी एवं आजसू पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता छुटुलाल महतो का रविवार सुबह उनके आवास पर निधन हो गया। वह लगभग 48 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, छुटुलाल महतो पिछले करीब एक वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें ब्रेन ट्यूमर की बीमारी थी। ऑपरेशन के बाद भी उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका और रविवार सुबह उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली।
आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अजीत महतो ने बताया कि छुटुलाल महतो पिछले लगभग 18 वर्षों से पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। वे संगठन के समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता थे और पार्टी की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके निधन से संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है। पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। स्वर्गीय छुटुलाल महतो अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों के साथ-साथ गांव और पार्टी कार्यकर्ताओं में भी गहरा दुःख व्याप्त है। उनके अंतिम संस्कार में पंचायत समिति सदस्य निर्मल रजक, अजीत महतो, रामकृष्ण महतो, अनाथ बंधु कुंभकार, भक्तरंजन कुंभकार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




