हुड़ूम्बिल में आम तोड़ने के दौरान करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत

Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के हुड़ूम्बिल गांव में रविवार शाम करीब छह बजे एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय कार्तिक प्रमाणिक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार कार्तिक प्रमाणिक गांव के समीप सड़क किनारे स्थित एक आम के पेड़ पर आम तोड़ने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान पेड़ के समीप से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। करंट के झटके से वह पेड़ से नीचे गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी अष्टमी प्रमाणिक ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ पेड़ के नीचे खड़ी होकर आम एकत्रित कर रही थीं। तभी अचानक करंट लगने से कार्तिक नीचे गिर पड़े। परिजन उन्हें बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
कार्तिक प्रमाणिक (फाइल फोटो)
गांव के फटीक महतो ने बताया कि कार्तिक ने इसी वर्ष अपनी बेटी की शादी की थी। आषाढ़ी के अवसर पर बेटी के घर आम और कटहल भेजने के लिए वह गांव के एक व्यक्ति के पेड़ पर आम तोड़ने गए थे, लेकिन यह खुशी का अवसर एक बड़ी त्रासदी में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही कमलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, मृतक के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि कार्तिक प्रमाणिक बेहद गरीब परिवार से थे और गांव में हजामत बनाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि काश्मार फीडर से हुड़ूम्बिल गांव होकर गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइन कई पेड़ों से सटी हुई है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और बिजली विभाग से तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।




