कांकीडीह-दांदूडीह निर्माणाधीन सड़क में रोज हो रहे हादसे, पीसीसी के बाद साइड फिलिंग नहीं करने से लोगों की बढ़ी परेशानी
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत कांकीडीह से कुमीर, खेजुरडीह होते हुए दांदूडीह तक आरईओ विभाग से स्वीकृत करीब 15 किमी सड़क का निर्माण कार्य जारी है। ठेकेदार द्वारा कई गांवों में सड़क की ढलाई करने के पश्चात दोनों साइड को मिट्टी से नहीं भरने नहीं के कारण रोज कोई न कोई दुपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
इस संबंध में पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि मनसाराम पावरी ने बताया कि ढलाई के बाद सड़क संकीर्ण हो गई है और भारी वाहनों के आवागमन में भी दिक्कत हो रही है। कभी – कभी सड़क से नीचे नहीं उतारने की वजह से वाहन चालकों के बीच आपस में बहसबाजी होती है जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने बताया कि मोड़ एरिया में कहीं कहीं मिट्टी के बदले क्रशर का डस्ट डालकर फिलिंग किया गया है। लेकिन उसके धूलकण से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि कुमीर व खेजुरडीह में छह महीने पहले ही सड़क का ढलाई कार्य पूरा किया गया है। लेकिन कहीं भी मिट्टी नहीं डाला गया है। जबकि नियमानुसार बाहर से मिट्टी लाकर भरने का है। कुल मिलाकर ठेकेदार की लापरवाही से स्थानीय लोग परेशान हैं और इसका समाधान करने वाला कोई नहीं है।






























