पीएम आवास योजना की सूची से पात्र लाभुकों के नाम हटाने का आरोप, बीडीओ को सौंपा गया ज्ञापन
Patamda: बिड़रा पंचायत के उप मुखिया गोपाल गोराई समेत पंचायत के कई जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की चयनित लाभुक सूची में अनियमितता का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पटमदा बीडीओ को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि पात्र एवं जरूरतमंद लाभुकों के नाम सूची में पुनः शामिल किए जाएं तथा जांच पूरी होने तक ग्राम सभा की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया था। चयनित लाभुकों का जियो टैगिंग भी कराया गया और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा सूची को अंतिम रूप से अनुमोदित किया गया था। लेकिन अंतिम सूची पंचायत में आने पर पाया गया कि कई वास्तविक एवं जरूरतमंद लाभुकों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि कुछ ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं जिन्हें पहले ही अबुआ आवास योजना का लाभ मिल चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि अबुआ आवास योजना के दौरान भी कई पात्र परिवार आवास से वंचित रह गए थे और अब प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से भी उनका नाम हट जाने से प्रभावित परिवारों में भारी असंतोष और आक्रोश है। ज्ञापन सौंपने वालों में उप मुखिया गोपाल गोराई, विकास चंद्र महतो, तिलक सिंह, सुनील कुंभकार एवं सौरभ दत्ता प्रमुख रूप से शामिल थे।



