अनियंत्रित कार ने बोलेरो को मारी टक्कर, टायर फटने से हुआ हादसा
Patamda: बोड़ाम के प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे लोगों की कार बुधवार को हादसे का शिकार हो गई। आंधारझोर टोला बेलगोड़ा के पास कार का टायर फट जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही एक बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि सभी लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, आंधारझोर गांव निवासी भास्कर रुहिदास अपने बच्चे को जमशेदपुर में डॉक्टर को दिखाकर बोलेरो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलगोड़ा गांव के समीप तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर उनकी बोलेरो से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन लेकर डिमना की ओर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और पकड़कर बोड़ाम पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि कार जमशेदपुर निवासी शेखर राव चला रहे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार में सवार सभी लोग शराब के नशे में थे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भीड़ से बचाते हुए कार सवार सभी लोगों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों और शराब सेवन के आरोपों की भी जांच की जा रही है।



