अज्ञात बाइक ने मजदूर को मारी टक्कर, गंभीर हालत में पहुंचा एमजीएम
Jamshedpur : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर सालदोहा जाहेरथान के पास सोमवार की रात करीब नौ बजे अज्ञात बाइक की टक्कर से बोड़ाम थाना क्षेत्र के कुईयानी गांव निवासी एक अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वह सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। स्थानीय समाजसेवी उमेश महतो ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। घायल की हालत गंभीर थी। उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल सड़क पर ही पड़े रहे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय चालक नहीं होने की वजह से बाहर से आए एंबुलेंस चालक क्षेत्र के गांवों का नाम भी नहीं समझ रहे हैं जिससे पहुंचने में दिक्कत हो रही है। घायल की स्थिति गंभीर होने तथा अंदरूनी चोट अधिक लगने के कारण वह कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थे। स्थानीय एक व्यक्ति ने उनकी पहचान कुईयानी निवासी के रूप में की। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, वह जमशेदपुर से मजदूरी कर पैदल अपने घर कुईयानी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। बाद में 108 एंबुलेंस पहुंचने पर एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है।



