अफवाहों से बचें, जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक : उपायुक्त
पैनिक बाइंग से बढ़ी परेशानी, तेल कंपनियों ने कहा— सप्लाई पूरी तरह सामान्य
Jamshedpur : जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गुरुवार को जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करें और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें।
समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय ने तेल कंपनियों, पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में इंडियन ऑयल, एचपी, भारत पेट्रोलियम और जियो के अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि बीते दो दिनों में अफवाहों के कारण शहरी क्षेत्रों के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई। प्रशासन ने इसे “पैनिक बाइंग” का परिणाम बताया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिले में कहीं भी पेट्रोल या डीजल की कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और स्थिति को सामान्य बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को बोतल या अन्य कंटेनरों में तेल बिक्री नहीं करने का निर्देश भी दिया, ताकि सुरक्षा जोखिम और दुरुपयोग को रोका जा सके। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने की अपील की। तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी साफ किया कि जिले में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध है।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों को सोशल मीडिया, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और अन्य माध्यमों से लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। वहीं सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, यू-ट्यूबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों से भी अपील की गई कि वे किसी भी भ्रामक या मिसलिडिंग सूचना का प्रसार न करें।




