डिमना लेक से बरामद शव की हुई पहचान, तुरियाबेड़ा का था युवक
Patamda : डिमना लेक के समीप बुधवार की शाम हुई वज्रपात की घटना में मृत युवक की पहचान गुरुवार को कर ली गई। मृतक की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा (पोस्ट -भिलाईपहाड़ी) निवासी बिपिन सिंह के 24 वर्षीय पुत्र कैलाश सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश सिंह मजदूरी का कार्य करता था और काम के सिलसिले में ही वह डिमना क्षेत्र गया हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ने के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, तभी तेज वज्रपात की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार की देखरेख में गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी अचानक हुई इस घटना पर गहरा दुख जताया है।


