राष्ट्रीय संगोष्ठी में डॉ. मिथिलेश कुमार की सक्रिय सहभागिता, मिला सम्मान
Patamda : एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा के प्राचार्य एवं गणित शिक्षक डॉ. मिथिलेश कुमार ने जमशेदपुर में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में सक्रिय सहभागिता कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। भारतीय ज्ञान परंपरा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा : विकसित भारत 2047 की ओर बहुविषयक मार्ग विषय पर आधारित यह राष्ट्रीय संगोष्ठी शुक्रवार को आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर विमेन, जमशेदपुर के शिक्षा विभाग द्वारा झारखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के सहयोग से किया गया।
संगोष्ठी में डॉ. मिथिलेश कुमार ने समग्र शिक्षा एवं बहुविषयक दृष्टिकोण विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, आयुर्वेद, कला एवं विज्ञान को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप भारतीय ज्ञान प्रणाली विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, मानसिक संतुलन, नैतिक मूल्यों एवं जीवन कौशल के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। डॉ. कुमार ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ योग, आयुर्वेद एवं भारतीय पारंपरिक ज्ञान को जोड़कर विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच तथा बेहतर निर्णय क्षमता विकसित की जा सकती है।
संगोष्ठी में विभिन्न शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया तथा विकसित भारत 2047 के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण एवं बहुविषयक शिक्षा की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. मिथिलेश कुमार की सक्रिय सहभागिता पर शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।




