बोड़ाम के भूनी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के भूनी गांव में शिशिर स्पंदन फार्म हाउस के सौजन्य से गुरुवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह शिविर स्वतंत्रता सेनानी एवं कर्मठ किसान स्वर्गीय दीनबंधु पाठक की पुण्य स्मृति में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पहली जनवरी को आयोजित किया गया। मौके पर जमशेदपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यूएन मदीना ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर में सामान्य रोगों के साथ-साथ रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों के दर्द एवं अन्य मौसमी बीमारियों से संबंधित परामर्श दिया गया। वहीं शिशिर स्पंदन फार्म हाउस की ओर से सभी जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
इसके अतिरिक्त शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीजी उपस्थित थीं, जिसका लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उठाया। इसी क्रम में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के बीच शिशिर स्पंदन फार्म हाउस के संचालक पंकज पाठक द्वारा कंबल एवं फल का वितरण किया गया। इस मानवीय पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर शाम को बाउल संगीत का भव्य सांस्कृतिक आयोजन किया गया, जिसमें राहुल दास व वंदना बनर्जी मंडली द्वारा प्रस्तुत गीतों ने ग्रामीणों को लोक-संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया। बाउल गायन ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बना दिया। करीब 400 ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में पंकज पाठक, डॉ. मनोज कुमार पाठक, दिलीप पाठक, अपर्णा पाठक, साधन पाठक, युधिष्ठिर महतो, विश्वनाथ महांती, सुजीत प्रमाणिक, फुचुराम महतो, शुभायु, सोनाली, अंजू तिवारी सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्रामीणों ने शिशिर स्पंदन फार्म हाउस की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।






























