पटमदा डिग्री कॉलेज की शासी निकाय बैठक संपन्न, विकास और शैक्षणिक सुधारों पर जोर
Patamda: गुरुवार को पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला की शासी निकाय की महत्वपूर्ण बैठक जमशेदपुर परिसदन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शासी निकाय के अध्यक्ष सह जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने की। बैठक की शुरुआत कॉलेज के शिक्षाविद् सह सचिव चंद्रशेखर टुडू द्वारा विधायक मंगल कालिंदी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। वहीं, प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो ने विश्वविद्यालय के नव मनोनीत प्रतिनिधि डॉ. नरेश कुमार का स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. नरेश कुमार (प्रभारी प्राचार्य एबीएम कॉलेज, जमशेदपुर) को शासी निकाय में औपचारिक रूप से मनोनीत कर उनका अभिनंदन किया गया। बैठक में कॉलेज के सर्वांगीण विकास को लेकर व्यापक चर्चा की गई। विशेष रूप से अनुदान, नामांकन प्रक्रिया, नियमित कक्षा संचालन, परीक्षा व्यवस्था एवं परिणाम प्रकाशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। साथ ही कॉलेज की समय-सारणी को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए, जिसमें सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक शिक्षकों एवं कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश विधायक द्वारा दिया गया। कॉलेज के सुचारु संचालन और नियमित निगरानी के लिए सचिव को अधिकृत किया गया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. नरेश कुमार ने भी कॉलेज के विकास में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। बैठक में शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. गौतम गोराई, व विश्वनाथ महतो सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।






























