अवैध पत्थर खनन के खिलाफ सघन छापेमारी, हड़कंप
Patamda: गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को पटमदा के अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, वन विभाग के वनपाल, पुलिस बल एवं चौकीदारों की संयुक्त टीम ने पटमदा क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया। अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि टीम जब सिसदा स्थित अवैध खनन क्षेत्र में पहुंची, तो वहां कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। छापेमारी की भनक लगते ही सभी लोग मौके से फरार हो गए। साथ ही, किसी भी प्रकार का अवैध पत्थर लदा वाहन भी वहां नहीं पाया गया। इसके बाद टीम ने बामनी क्षेत्र, जो इको-सेंसिटिव जोन के अंतर्गत आता है, में भी अभियान चलाया। यहां भी न तो कोई अवैध खनन गतिविधि पाई गई और न ही कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन मौके पर मौजूद मिला।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जांच प्रतिवेदन वरीय पदाधिकारियों को भेजा जाएगा। अवैध पत्थर उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इस दौरान क्षेत्र में संचालित पत्थर क्रशरों का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित क्रशर संचालकों से संचालन से जुड़े सभी आवश्यक एवं अद्यतन दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। यदि कागजात अद्यतन नहीं पाए गए, तो विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए क्रशर को बंद कराया जाएगा।






























