एसडीजी भालूबासा बनी फुटबॉल प्रतियोगिता की चैंपियन, फाइनल में पवन सेना ईचागढ़ को दी शिकस्त
विजेता टीम को 35 हजार और उपविजेता को मिले 22 हजार रुपये
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के सासांगडीह-सियालगोड़ा फुटबॉल मैदान में गुरुवार को जिलपा लाया तिलका माझी आंचलिक समिति की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में एसडीजी भालूबासा ने पवन सेना ईचागढ़ को टॉस के आधार पर हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट कराया गया, लेकिन उससे भी हार-जीत का फैसला नहीं हो सका। अंततः टॉस के जरिए विजेता का निर्णय हुआ, जिसमें एसडीजी भालूबासा की टीम बाजी मार ले गई।
प्रतियोगिता की विजेता एसडीजी भालूबासा टीम को ग्राम प्रधान गुहिराम सिंह के हाथों 35 हजार रुपये और उपविजेता पवन सेना ईचागढ़ को पहाड़पुर पंचायत के मुखिया अजब सिंह के हाथों 22 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। वहीं, सेमीफाइनल में पहुंचने वाली रिटर्न्स ऑफ बादशाह और एसकेबीएमजी हथियाडीह की टीमों को समिति की ओर से 15-15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर मुखिया अजब सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवा खेल के प्रति समर्पित रहें। खेल के क्षेत्र में भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को नुकसान पहुंचाता है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉ. जगदीश सिंह, शिक्षक मकर माझी, चैतन माझी, जलन माण्डी, नकुल कुंभकार और डॉ. महेश्वर सिंह समेत अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।












