गुरुजी शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलने की खुशी में झामुमो कार्यकर्ताओं ने बांटे लड्डू
Jamshedpur: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय गुरुजी शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किए जाने की खुशी में बुधवार को सोनारी कागलनगर चौक पर लड्डू वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो नेता अजय रजक ने किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और गुरुजी के झारखंड आंदोलन तथा आदिवासी, मूलवासी एवं शोषित समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि पद्म भूषण सम्मान गुरुजी के लंबे संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड की अस्मिता को समर्पित जीवन का सम्मान है। कार्यकर्ताओं ने देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे झारखंडवासियों के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में झामुमो सोनारी शाखा अध्यक्ष धनंजय महतो, गोपाल महतो, निपुण मिश्रा, मुन्ना शर्मा, दीपक प्रसाद, गोपाल रजक, पारस रजक, अशोक महतो, राजेश महतो व राम कुमार समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।



