एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में नवागत विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
चेयरमैन विवेक सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव के साथ आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
Jamshedpur : एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में सोमवार को प्रथम वर्ष बीएससी नर्सिंग सत्र 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक एवं संस्थान के कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन विवेक सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का पवित्र माध्यम है। इस क्षेत्र में सफलता के लिए अनुशासन, समर्पण, संवेदनशीलता और करुणा का भाव जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान संस्थान के प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षकों ने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों, अनुशासन संहिता तथा नर्सिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों से भी अवगत कराया गया।
चेयरमैन विवेक सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्रीधारी विद्यार्थी तैयार करना नहीं, बल्कि कुशल, संवेदनशील एवं जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र की सेवा में योगदान दे सकें। कार्यक्रम में वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा कर नवागत छात्र-छात्राओं को संस्थान के शैक्षणिक माहौल से परिचित कराया। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं संवाद सत्रों ने कार्यक्रम को रोचक बनाया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।












