पटमदा में पशु चिकित्सालय का विधायक प्रतिनिधि ने किया शिलान्यास, कहा – चलंत पशु चिकित्सालय के लिए डायल करें टोल फ्री नंबर 1962

Patamda: राज्य सरकार के पशुपालन विभाग से स्वीकृत पशु चिकित्सालय निर्माण योजना का शिलान्यास रविवार को विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने पटमदा प्रखंड मुख्यालय परिसर में नारियल फोड़कर किया। करीब 22 लाख रुपए की योजना के तहत भवन में एक हॉल, चिकित्सक का चैंबर, स्टोर रूम आदि का निर्माण किया जाएगा।

मौके पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, बाबलू रूहिदास, सिजेन हेंब्रम, बापी दास, सुजीत कुमार महतो, स्वपन महतो, आशुतोष महतो, पसंस नवधन उर्फ सुधीर हांसदा व पशुपालन विभाग के कर्मचारी अवधेश उपाध्याय आदि मौजूद थे।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि पिछले करीब ढाई दशक से पशुपालन विभाग का पुराना भवन काफी जर्जर अवस्था में था और जान खतरे में डालकर डॉक्टर समेत विभागीय कर्मचारी काम करने को मजबूर थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक मगंल कालिंदी के प्रयास से ही योजना की स्वीकृति मिली है। प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय बांगुड़दा में भी नया भवन के निर्माण हेतु अनुशंसा की गई है और वहां भी जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि अब टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करके पशुपालक अपने घर पर ही बीमार पशुओं का इलाज करा सकते हैं। झारखंड सरकार का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुपालकों की परेशानियों को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार होगा और पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होगी। पटमदा में दो चलंत पशु चिकित्सालय वाहन हैं जो टोल फ्री नंबर पर कॉल करते ही लोगों के दरवाजे पर पहुंच जाएगी।






























