बोड़ाम बाजार की 500 मीटर सड़क पर 100 से अधिक गड्ढे, ग्रामीण परेशान
बारिश में सड़क बनी मुसीबत, पानी भरने से बढ़ा दुर्घटना का खतरा
Patamda : बोड़ाम प्रखंड मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित बोड़ाम बाजार की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल हो गई है। बाजार के इन से आउट तक करीब 500 मीटर सड़क पर 100 से अधिक गड्ढे बन चुके हैं। कई जगह सड़क का पीसीसी उखड़ जाने से मिट्टी बाहर निकल आई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। रात के समय इस सड़क पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सड़क के बीच जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि प्रतिदिन इसी सड़क से होकर गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की मरम्मत की दिशा में ठोस पहल नहीं की जा रही है। जर्जर सड़क के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में विशेष परेशानी होती है। साप्ताहिक हाट के दिन समस्या और बढ़ जाती है। बोड़ाम के समाजसेवी हिमांशु महतो ने बताया कि पिछले कई वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। ब्लॉक प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आक्रोश है। उन्होंने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।



