पीएम जनमन योजना के शिलान्यास को लेकर सांसद नाराज, चिमटी में फिर होगा शिलान्यास
झामुमो नेता से शिलान्यास कराए जाने पर ठेकेदार को लगाई फटकार, घटिया शिलापट्ट पर भी जताई नाराजगी
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के चिमटी पहाड़िया टोला में पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 900 मीटर पीसीसी पथ निर्माण का दोबारा शिलान्यास किया जाएगा। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने मंगलवार को पटमदा के बेलटांड़ चौक पर इसकी जानकारी देते हुए संबंधित ठेकेदार को आवश्यक तैयारी करने का कड़ा निर्देश दिया। सांसद ने कहा कि यह योजना पीएम जनमन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत है, जिसमें शत-प्रतिशत राशि केंद्र सरकार द्वारा खर्च की जा रही है। इसके बावजूद पिछले महीने ठेकेदार द्वारा चिमटी पहाड़िया टोला में एक झामुमो नेता के हाथों योजना का शिलान्यास कराया गया। इस पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को फटकार लगाई।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की योजना का शिलान्यास निर्धारित प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। सांसद ने स्पष्ट किया कि चिमटी पहाड़िया टोला में अब वे स्वयं दोबारा शिलान्यास करेंगे। सांसद ने झुंझका गांव में योजना के लिए लगाए गए शिलापट्ट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये की लागत से विकास योजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन शिलापट्ट घटिया किस्म की लगाई जा रही है। उन्होंने ठेकेदार से सवाल किया कि जब सरकार योजना पर लाखों रुपये खर्च कर रही है तो शिलापट्ट की गुणवत्ता में लापरवाही क्यों बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की साइट पर योजना की जानकारी अपलोड करने के लिए शिलापट्ट के साथ सांसद की तस्वीर भी अपलोड की जाती है। ऐसे में शिलापट्ट की गुणवत्ता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। सांसद ने ठेकेदार को भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।



