मोहर्रम इंसानियत और सत्य की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की मिसाल : महाबीर मुर्मू
Jamshedpur: मोहर्रम के अवसर पर गुरुवार को साकची स्थित मोहम्मडन बस्ती में पंचतानी लंगर कमेटी की ओर से लंगर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता महाबीर मुर्मू एवं साकची थाना प्रभारी गोपाल यादव का पगड़ी पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने आम लोगों के बीच मीठा पल्लव एवं शरबत का वितरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाबीर मुर्मू ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, त्याग और इंसानियत की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की अमर गाथा है। उन्होंने कहा कि कर्बला की घटना हमें अन्याय और अत्याचार के सामने कभी न झुकने तथा सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। मोहर्रम का संदेश आपसी भाईचारे, शांति और मानवता की रक्षा का संदेश है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सोनू रज्जा खान, मोहम्मद मोईन खान, औन सिद्दीकी, रेहान खान, आसिफ इकबाल, जावेद अख्तर, रॉकी सिंह, मनोज तांती, दुर्गा हांसदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




