दूसरे प्रखंड में शिक्षक की प्रतिनियुक्ति का विरोध, आंदोलन की चेतावनी
Patamda: प्रखंड के पाथरडीह प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक शिवचरण षड़ंगी की दूसरे प्रखंड मुसाबनी में प्रतिनियुक्ति किए जाने का ग्रामीणों और अभिभावकों ने विरोध जताया है। जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) द्वारा पिछले महीने जारी आदेश के बाद शिक्षक को मुसाबनी भेज दिया गया, जबकि विद्यालय के प्रधान शिक्षक रवि नरेश प्रसाद का भी 9 जुलाई से पोटका विधानसभा क्षेत्र के करनडीह में एसआईआर के लिए प्रतिनियोजन कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों शिक्षकों के प्रतिनियोजन के बाद विद्यालय में पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। विद्यालय में पटमदा के फॉरेस्ट ब्लॉक प्राथमिक विद्यालय से शिक्षक बुद्धेश्वर महतो की प्रतिनियुक्ति एक माह के लिए की गई है, लेकिन नए शिक्षक होने की वजह से बच्चों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। ग्राम प्रधान धरणीधर महतो ने डीएसई के निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि गृह प्रखंड के शिक्षक को दूसरे प्रखंड में किस नियम या आवश्यकता के तहत प्रतिनियुक्त किया गया है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि शिक्षक शिवचरण षड़ंगी की प्रतिनियुक्ति तत्काल रद्द कर उन्हें उनके मूल विद्यालय में वापस भेजा जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर प्रतिनियुक्ति रद्द कर शिक्षक की वापसी नहीं की गई तो अभिभावकों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


