ईटामारा में संथाली संस्कृति की छटा, रात्रि ड्रामा प्रतियोगिता में उमड़ी हजारों की भीड़
Jamshedpur : मानगो अंचल अंतर्गत दलदली पंचायत के ईटामारा गांव में रविवार रात 10 बजे से आदिबासी समवाय समिति की ओर से भव्य संथाली ड्रामा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पूरी रात चले इस सांस्कृतिक आयोजन में हजारों की संख्या में दर्शकों ने भाग लेकर संथाली कला एवं संस्कृति का आनंद लिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मंगल कुमार बास्के ने बताया कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आदिवासी समाज की परंपरा, भाषा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव सुनाराम किस्कु, कोषाध्यक्ष फातु हांसदा समेत समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जमशेदपुर-04 के पूर्व जिला पार्षद पिंटू दत्ता ने कहा कि संथाली ड्रामा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान और सांस्कृतिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों का लगातार होना जरूरी है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ड्रामा दलों को पुरस्कृत भी किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त टीम को 30 हजार रुपये, द्वितीय को 25 हजार, तृतीय को 20 हजार, चतुर्थ को 15 हजार, पंचम को 13 हजार, षष्ठम को 12 हजार, सप्तम को 11 हजार तथा अष्टम स्थान प्राप्त टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम सोमवार सुबह तक उत्साहपूर्ण माहौल में चलता रहा। मौके पर अन्य अतिथियों में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू, मुखिया सुजाता हांसदा, पंसस पंकज महतो, वार्ड सदस्य पायो बास्के, रविंद्र मार्डी, लालमोहन बास्के, गालू राम टुडू एवं इंद्रजीत किस्कू आदि मौजूद थे। पहला पुरस्कार के रूप में मान दिशाेम एसएस ड्रामा टीआईसी क्लब पश्चिम बंगाल को 30 हजार रुपए मिला।




