राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने वाले सिदो-कान्हू पाता नाच दल का काटिन चौक पर भव्य स्वागत

Patamda: झारखंड स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर पटमदा लौटे सिदो-कान्हू पाता नाच दल का रविवार को काटिन चौक पर गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू एवं मास्टर हरिहर टुडू के नेतृत्व में दल के मैनेजर विजय कुमार टुडू समेत अन्य सदस्यों का फूल-मालाओं के साथ अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विजय कुमार टुडू ने काटिन बाजार स्थित शहीद निर्मल महतो, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के साथ कांकीडीह मोड़ स्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि पटमदा के पाता नाच दल ने राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोककला को जीवित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि 27 नवंबर को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में दल ने अपनी पारंपरिक नृत्य कला का शानदार प्रदर्शन किया था। इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दल के मदारिया विजय कुमार टुडू को ट्रॉफी और 1.50 लाख रुपये का क्रॉस चेक देकर सम्मानित किया था।
इस दौरान शंकर मांडी, सुनील हांसदा, रघुनाथ मुर्मू, शंकर प्रसाद टुडू, रवींद्र नाथ टुडू, परमेश्वर मांडी, प्रेमचांद मांडी, ललित हांसदा, विजय मांडी, रवींद्र हांसदा, मानसा राम टुडू, अजय कुमार टुडू एवं किशोर टुडू समेत अन्य लोग उपस्थित थे।











