भीषण गर्मी में छत पर सोना बना हादसे की वजह, पटमदा में महिला गंभीर तो बहरागोड़ा में मासूम की मौत
राहेरडीह निवासी घायल महिला अमृता महतो एवं बहरागोड़ा निवासी मृत बच्चे विद्युत मुंडा की फाइल फोटो
Jamshedpur: भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती के कारण घरों की छतों पर सोने को मजबूर लोगों के बीच दो अलग-अलग घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। एक ओर पटमदा में छत से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं दूसरी ओर बहरागोड़ा में छत से गिरने के कारण पांच वर्षीय मासूम बच्चे विद्युत मुंडा की दर्दनाक मौत हो गई।
कमलपुर थाना क्षेत्र की बनकुंचिया पंचायत अंतर्गत राहेरडीह गांव की है, जहां रविवार देर रात महेंद्र महतो की पत्नी अमृता महतो (37 वर्ष) छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर की खुली छत पर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे अमृता महतो लघुशंका के लिए नीचे उतरी थीं। वापस छत पर लौटने के दौरान नींद की हालत में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे छत से नीचे गिर पड़ीं। तेज आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे और गंभीर अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
सोमवार सुबह परिजन उन्हें एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद न्यूरो सर्जरी का मामला बताते हुए रिम्स रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उन्हें टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया। एमआरआई जांच में रीढ़ की हड्डी के ऊपरी हिस्से में फ्रैक्चर तथा नस दबने की पुष्टि हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गरीब किसान महेंद्र महतो के परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।


