टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग बना जानलेवा, सड़क किनारे झाड़ियों से बढ़ा हादसों का खतरा
Patamda : टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे तेजी से बढ़ रही झाड़ियों के कारण सड़क संकीर्ण होती जा रही है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
बोड़ाम के कुटिमाकली निवासी युवा समाजसेवी उमेश महतो ने बताया कि प्रशासन की अनदेखी के कारण हाल के दिनों में सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पटमदा, कमलपुर और बोड़ाम थाना क्षेत्र में इस मार्ग पर कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। विशेष रूप से तीखे मोड़ों पर हालात बेहद खतरनाक हो गए हैं। उन्होंने बताया कि कई बार भारी वाहन सड़क किनारे बिजली पोल से टकरा चुके हैं, जबकि कुछ मामलों में वाहन अनियंत्रित होकर घरों तक में घुस गए। इससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में हमेशा डर का माहौल बना रहता है।
उमेश महतो ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों मजदूर और युवा बाइक के जरिए जमशेदपुर आवागमन करते हैं, लेकिन झाड़ियों के कारण उनकी सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिले के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर डिमना घाटी, लेक क्षेत्र तथा टाटा (आसनबनी)–पटमदा मुख्य सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की जाएगी, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और जानमाल के नुकसान को रोका जा सके।

