राखडीह स्थित श्री श्री आर्य ऋषिकुल वशिष्ठ योगाश्रम में 83वां वार्षिक अम्बा यज्ञ संपन्न, अंतिम दिन कुणाल षड़ंगी समेत हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण
Patamda: पटमदा प्रखंड की बिड़रा पंचायत अंतर्गत राखडीह स्थित श्री श्री आर्य ऋषिकुल वशिष्ठ योगाश्रम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दोल पूर्णिमा के पावन अवसर पर वार्षिक अम्बा यज्ञ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी आश्रम पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मत्था टेका तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सामाजिक सौहार्द की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर के पुजारी एवं गुरु सेवकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
आश्रम परिवार के सदस्य श्रीमंत मिश्रा ने बताया कि पिछले 83 वर्षों से योगाश्रम में विश्व कल्याण की भावना से त्रिसंध्या हवन निरंतर होता आ रहा है। अम्बा यज्ञ में जमशेदपुर तथा पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं और प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त करते हैं। दोल पूर्णिमा के अवसर पर अंतिम दिन पूर्णाहुति, पूजा-अर्चना, हवन, जप, स्तवपाठ, रुद्र होम, नारायण सेवा, आरती, धर्मालोचना तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण व्याप्त रहा। इस अवसर पर सरोजानंद ब्रह्मचारी, पूर्णियानंद ब्रह्मचारी, सुभाष कर्मकार, बगला किंकर मिश्रा, श्रीमंत मिश्रा, श्याम चरण चौधरी, भोलानाथ सतपति, काजल सारंगी, अंबुजाख्य मिश्र, गुरूदास त्रिपाठी, अंबेश्वर दास, मिथिलानंद ब्रह्मचारी, पूर्णेन्दु आचार्य, हीरा सिंह सहित अनेक सेवक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।






























